22.9 C
Dehradun

गोहाना विधानसभा क्षेत्र से विधायक बने डॉ. अरविंद शर्मा नायब सिंह सैनी सरकार में बनेंगे मंत्री

Must read

सोनीपत। गोहाना विधानसभा क्षेत्र से विधायक बने डॉ. अरविंद शर्मा नायब सिंह सैनी सरकार में मंत्री बनेंगे। मंत्री पद की शपथ लेने के लिए डॉ. अरविंद शर्मा के पास मुख्यमंत्री कार्यालय से फोन आ गया है।

डॉ. अरविंद शर्मा करनाल, सोनीपत और रोहतक से सांसद रहने के बाद गोहाना से विधायक बने हैं। डॉ. अरविंद शर्मा चंडीगढ़ में ही रुके हुए हैं। उनके मंत्री बनने से सोनीपत का कद बढ़ेगा। डॉक्टर होने के नाते स्वास्थ्य विभाग का जिम्मा दिए जाने के कयास लगाए जा रहे।

गोहाना गढ़ है जनता का और उसी ने फैसला किया- डॉ. अरविंद

भाजपा से गोहाना विधानसभा क्षेत्र से विधायक बने डॉ. अरविंद शर्मा ने जीत के बाद कहा था कि गोहाना किसी राजनीतिक दल विशेष का नहीं जनता का गढ़ है। गोहाना की जनता ने ही अपना फैसला किया। उन्होंने चुनाव में जो वादे किए वे सब पूरे किए जाएंगे। भाजपा ने 10 वर्षों में अंत्योदय की नीति पर चलते हुए काम किया और अंतिम पंक्ति के लोगों को सरकार की योजनाओं का लाभ पहुंचाया।

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने मात्र 56 दिन में जनहित में इतने अधिक फैसले लिए, जिससे लोगों को विश्वास हुआ कि वे दोबारा मुख्यमंत्री बनने के बाद कितने काम करेंगे। उन्होंने चुनाव में मुद्दों पर कहा कि लोगों को विश्वास था कि भाजपा ही जन कल्याण के लिए धरातल पर काम कर सकती है। युवाओं में भरोसा जगा कि आगे भी भाजपा की सरकार बिना पर्ची व खर्ची के दो लाख सरकारी नौकरियां देगी।

गरीब परिवारों को सस्ता गैस सिलेंडर मिलेगा। महिलाओं को 21 सौ रुपये मिलने की उम्मीद थी, जिसे पूरा किया जाएगा। भाजपा का संकल्प पत्र प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की गारंटी की गारंटी है, जिसे नायब सैनी के नेतृत्व में भाजपा सरकार पूरा करेगी। जिन गरीब लोगों को सौ गज के प्लाट नहीं मिले हैं उनको दिलाए जाएंगे।

उम्मीद से उलट रहा परिणाम

जगबीर कांग्रेस से गोहाना हलका के प्रत्याशी जगबीर सिंह मलिक ने कहा कि उम्मीद से परे परिणाम आया है। गोहाना ही नहीं दूसरे हलकों में भी उम्मीद के अनुसार परिणाम नहीं आया। लोग भाजपा से दुखी और परेशान रहते थे। इसके बावजूद पता नहीं किस सोच के साथ उनको वोट दिए।

बैठकों में सभी वर्गों के लोग आते थे और खुलकर समर्थन देने का वादा करते थे। यह समझ से परे रहा कि लोग ऐन मौके पर पीछे कैसे हट गए। चुनाव परिणाम आने के बाद वे कार्यकर्ताओं से मिले और उसके बाद मतगणना केंद्र से बाहर निकल आए।

सीएम सैनी के नेतृत्व में विकास पथ पर दौड़ेगा हरियाणा : निखिल मदान

भारतीय जनता पार्टी कार्यालय पंच कमल पंचकूला में बुधवार को भाजपा विधायक दल की बैठक में शामिल हुए विधायक निखिल मदान ने कहा कि सीएम नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में प्रदेश विकास के पथ पर तेज गति से दौड़ेगा। सर्वसम्मति से विधायक दल का नेता चुने जाने पर निखिल मदान ने नायब सिंह सैनी को बधाई दी।

उन्होंने कहा कि हरियाणा प्रदेश की 36 बिरादरी के आशीर्वाद से हरियाणा में लगातार तीसरी बार पूर्ण बहुमत से भाजपा की सरकार बनी है।नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में भाजपा सरकार हरियाणा में विकास के नए आयाम स्थापित करेगी।

युवाओं को बिना पर्ची, बिना ख़र्ची के नौकरियां दी जाएंगी। गरीब, श्रमिक, किसान कमेरे वर्ग को उनका पूरा हक दिया जाएगा। विधायक निखिल मदान ने गुरुवार को पंचकूला में होने वाले शपथ ग्रहण समारोह के लिए सोनीपत वासियों को निमंत्रण भी दिया।

विधायक कादियान ने राज्यपाल से मिलकर भाजपा सरकार को दिया समर्थन

विधायक देवेंद्र कादियान ने बुधवार को चंडीगढ़ में महामहिम राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय से मुलाकात की और नायब सैनी सरकार के साथ जाने का पूर्ण समर्थन पत्र सौंपा। विधायक देवेंद्र कादियान ने हलके की जनता की राय के बाद दिल्ली पहुंचकर भाजपा को अपना समर्थन दे दिया था। विधायक देवेंद्र कादियान ने कहा कि हरियाणा प्रदेश में लगातार तीसरी बार भाजपा सरकार बनी है।

गन्नौर क्षेत्र के विकास के लिए भाजपा को समर्थन दिया है। विधायक ने कहा कि हमेशा से ही उसकी विचारधारा पार्टी के साथ ही रही है। कादियान ने नायब सैनी को बधाई दी है और कहा कि सीएम नायब सैनी प्रदेश का चहुंमुखी विकास करेंगे। उन्होंने पिछले तीन महीने में उनके द्वारा काफी अच्छे फैसले लिए गए है। उन्हें पूरी उम्मीद है आने वाले पांच सालों में आम जनता तक उनका हक पहुंचेगा।

- Advertisement -spot_img

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_img

Latest article