17.3 C
Dehradun

कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष पद के लिए देशभर के विभिन्न राज्यों के साथ उत्तराखंड में भी होगा मतदान

Must read

कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष पद के लिए सोमवार को देशभर के विभिन्न राज्यों के साथ उत्तराखंड में मतदान होगा। कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में होने वाले मतदान के लिए प्रदेश कांग्रेस कमेटी (पीसीसी) के सदस्य हिस्सा लेंगे। राष्ट्रीय अध्यक्ष पद के लिए पार्टी के वरिष्ठ नेता मल्लिकार्जुन खरगे और शशि थरूर के बीच मुकाबला होगा। पार्टी सूत्रों के अनुसार उत्तराखंड पीसीसी में खरगे का पलड़ा भारी नजर आ रहा है।

कांग्रेस भवन में सदस्य शाम चार बजे तक वोट डाल सकेंगे। चुनाव के सफल संचालन के लिए अखिल भारतीय कांग्रेस चुनाव प्राधिकरण की ओर से सांसद जीसी चंद्रशेखर को चुनाव अधिकारी, जयशंकर पाठक और मनोज भारद्वाज सह चुनाव अधिकारी नियुक्त किया गया है।

बीते दिनों हुए पीसीसी सदस्यों के चुनाव में 225 में से अभी तक 222 सदस्य ही बन पाए हैं। इसमें से भी दो सदस्य प्रदीप टम्टा और हरीश एठानी पटना में वोट डालेंगे, जबकि पांच सदस्य राहुल गांधी के साथ भारत जोड़ो यात्रा में शामिल हैं, वह वहीं से वोट डालेंगे। इसके अलावा 215 सदस्य कांग्रेस मुख्यालय भवन में वोट डालेंगे।

गांधी परिवार के नजदीकी खरगे

पीसीसी उत्तराखंड में प्रत्याशी मल्लिकार्जुन खरगे की ओर से वरिष्ठ नेता नवप्रभात और महेंद्र सिंह पाल को अपना पोलिंग एजेंट बनाया गया है जबकि समाचार लिखे जाने तक शशि थरूर की ओर से कोई पोलिंग एजेंट नियुक्त नहीं किया गया था। पार्टी सूत्रों के अनुसार, उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सदस्यों का रुख गांधी परिवार के नजदीकी खरगे की ओर है। ऐसे में माना जा रहा है कि खरगे उत्तराखंड से लीड पा सकते हैं। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष करन माहरा ने सभी सदस्यों से राजीव भवन प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में उपस्थित रहने को कहा है।

22 साल बाद हो रहा अध्यक्ष का चुनाव 
कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष पद के लिए 22 साल बाद चुनाव की नौबत आई है। इससे पहले वर्ष 2000 में सोनिया गांधी और जितेंद्र प्रसाद के बीच यह मुकाबला हुआ था। इसके बाद वर्ष 2018 में राहुल गांधी को पार्टी का निर्विरोध अध्यक्ष चुना गया था। वर्ष 2019 के लोकसभा चुनाव में पार्टी को मिली करारी हार के बाद उन्होंने नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा दे दिया था। तब से सोनिया गांधी अंतरिम अध्यक्ष के तौर पर यह पद संभाल रही हैं। अब पार्टी को 19 अक्तूबर को निर्वाचित नया अध्यक्ष मिल जाएगा।
- Advertisement -spot_img

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_img

Latest article