20.6 C
Dehradun

दहेज में फ्लैट की मांग कर रहे ससुराल वाले,खौलती चाय से हमला कर जलाने की कोशिश

Must read

उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले में दहेज का मामला सामने आया है। विवाहिता कीर्ति राव को ससुराल वालों ने फ्लैट की मांग करते हुए प्रताड़ित किया। खौलती चाय से हमला कर उसे जलाने की कोशिश की गई जिससे वह झुलस गई। आरोपियों ने गला दबाकर मारने का भी प्रयास किया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

यूपी के हापुड़ जिले में दहेज का एक मामला प्रकाश में आया है। अतिरिक्त दहेज में फ्लैट की मांग कर ससुराल पक्ष के लोगों ने थाना बाबूगढ़ क्षेत्र के एक गांव की विवाहिता को प्रताड़ित किया।

बताया गया कि कई बार पीड़िता के साथ मारपीट की। खौलती चाय डालकर पीड़िता का चेहरा जलाने का प्रयास किया। गर्म चाय पैर पर गिरने से पीड़िता झुलस गई। इतना ही नहीं आरोपियों ने गला दबाकर उसे मौत के घाट भी उतारने का भी प्रयास किया गया।

इस मामले में एसपी के आदेश पर थाना बाबूगढ़ पुलिस ने पांच नामजद आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। वहीं, पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

पुलिस में दर्ज रिपोर्ट में गांव नूरपुर की कीर्ति राव ने बताया कि 28 नवंबर 2023 को उसकी शादी गांव अल्लीपुर मुगलपुर के शुभम उर्फ राहुल चौधरी के साथ हुई थी।

बताया गया कि वर्तमान में पति व ससुराल पक्ष के लोग जिला गाजियाबाद के थाना कविनगर क्षेत्र के गोविंदपुरम में रहते हैं। शादी में पिता ने 22 लाख रुपये का दान दहेज देकर उसे विदा किया था। शादी के बाद से ही पति शुभम उर्फ राहुल, ससुर ओमकार, सास विमलेश, ननद गुड्डू व शालू ने अतिरिक्त दहेज में फ्लैट की मांग कर उसे प्रताड़ित करना शुरू कर दिया।

बताया कि शादी के वक्त बिचौलिया गाजियाबाद के थाना बापूधाम क्षेत्र के शताब्दीपुरम की नीतू ने शुभम को गुरुग्राम की एक कंपनी में मैनेजर होना बताया था। बाद में उसे पता चला कि पति कंपनी का महज एक कर्मचारी है। उसने पूर्व में एक महिला से शादी की भी हुई थी। विरोध पर ससुराल पक्ष के लोगों ने पीड़िता से उसका फोन छीनकर जला दिया।

पीड़िता के साथ बेरहमी से मारपीट की और घर से बाहर निकाल दिया। रातभर घर के दरवाजे के बाहर बैठकर पीड़िता रोती बिलखती रही मगर, आरोपियों ने उसे अंदर नहीं आने दिया। 12 सितंबर 2024 की शाम करीब साढ़े छह बजे सास ने गर्म खौलती हुई चाय पीड़िता के चेहरे पर डालने का प्रयास किया। चाय महिला के पैर पर जा गिरी। इस कारण वह बुरी तरह झुलस गई।

 
इसके बाद आरोपियों ने पीड़िता को घर से निकाल दिया। जिसके बाद पीड़िता अपने मायके में आ गई। 10 अप्रैल 2025 को शैक्षिक दस्तावेज देने के लिए पीड़िता को ससुराल बुलाया। जहां आरोपियों ने गला दबाकर उसकी हत्या का प्रयास किया। किसी तरह आरोपियों के चंगुल से बचकर पीड़िता ने परिजनों को आपबीती सुनाई। पीड़िता ने थाना कविनगर में तहरीर दी मगर, रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई। अब भी आरोपी पीड़िता को धमकी देकर उसका मानसिक शोषण कर रहे हैं। अब इस मामले में पीड़िता ने एसपी से शिकायत की।

- Advertisement -spot_img

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_img

Latest article