28 C
Dehradun

कोटद्वार में डाकघर पासपोर्ट सेवा केंद्र का लोकार्पण, नागरिकों को मिलेगी बड़ी सुविधा

Must read

पौड़ी-  भारत सरकार के विदेश मंत्रालय एवं भारतीय डाक विभाग द्वारा संचालित डाकघर पासपोर्ट सेवा केंद्र का कोटद्वार स्थित तहसील परिसर में लोकार्पण किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में केंद्रीय विदेश एवं वस्त्र राज्य मंत्री पबित्रा मार्घेरिटा है तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी एवं विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूरी भूषण उपस्थित रहे। इस अवसर पर 12 आवेदकों के पासपोर्ट तैयार कर मुख्य अतिथि द्वारा संबंधित व्यक्तियों को वितरित किए गए।

मुख्य अतिथि पबित्रा मार्घेरिटा ने अपने संबोधन की शुरुआत गढ़वाली भाषा में की। उन्होंने कहा कि भारत सरकार का उद्देश्य विदेश संबंधी सेवाओं को सरल एवं सुलभ बनाना है, जिसके लिए देशभर में ऐसे केंद्र स्थापित किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि वर्तमान में देश में 453 डाकघर पासपोर्ट सेवा केंद्र संचालित हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “सबका साथ, सबका विकास, सबका प्रयास” के मंत्र के अनुरूप यह पहल विकसित भारत के निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

गढ़वाल सांसद ने कहा कि वर्ष 2026 गढ़वाल के लिए ऐतिहासिक रहेगा और इस वर्ष अनेक महत्वपूर्ण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि पासपोर्ट सेवा केंद्र खुलने से लोगों को देहरादून आने-जाने में लगने वाला समय बचेगा। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में भारत की विदेश नीति सशक्त हुई है तथा विदेशों में विभिन्न कारणों से फंसे 250 से अधिक भारतीयों को वापस लाया गया है, जिनमें उत्तराखंड के लोग भी शामिल हैं।

उन्होंने कण्वाश्रम के विकास के लिए अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए कहा कि वहां एक भव्य स्मारक स्थापित किया जाएगा। साथ ही चिल्लरखाल–लालढांग मोटर मार्ग का मार्ग प्रशस्त हो चुका है तथा कंडी मोटर मार्ग को रामनगर से जोड़े जाने की योजना पर कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि शीघ्र ही कोटद्वार से वंदे भारत रेल सेवा प्रारंभ करने का प्रयास किया जाएगा तथा पौड़ी को जोड़ने के लिए सुरंग निर्माण की भी योजना है। जोशीमठ एवं पौड़ी में खेल गतिविधियों को बढ़ावा दिया जाएगा तथा जनपद के कुछ विकासखंडों को जैविक विकासखंड घोषित कर कृषि को सुदृढ़ किया जाएगा।

विधानसभा अध्यक्षा ने कोटद्वार क्षेत्र की प्रमुख जनहित मांगों का उल्लेख करते हुए पीजीआई स्तर के बड़े अस्पताल की स्थापना, कोटद्वार रेलवे स्टेशन का नाम “कण्वनगरी स्टेशन” किए जाने, कोटद्वार से देहरादून एवं लखनऊ सहित अन्य प्रमुख शहरों के लिए नयी रेल सेवाएं प्रारंभ करने तथा कण्वाश्रम के समग्र विकास की मांग रखी। उन्होंने कहा कि इन मांगों के पूर्ण होने से कोटद्वार क्षेत्र के विकास को नयी दिशा मिलेगी तथा नागरिकों को बेहतर स्वास्थ्य, पर्यटन एवं परिवहन सुविधाएं प्राप्त होंगी।

कार्यक्रम के दौरान विधायक लैंसडाउन दिलीप सिंह रावत, पौड़ी राजकुमार पोरी, महापौर कोटद्वार शैलेन्द्र सिंह रावत, राज्य मंत्री ऋषि कंडवाल, राजेन्द्र अन्थवाल, विदेश मंत्रालय से संयुक्त सचिव एस. कोवेंथन, क्षेत्रीय पासपोर्ट अधिकारी देहरादून अनुज स्वरूप, डाक विभाग से निदेशक अनुसूया प्रसाद चमोला, जिला अध्यक्ष भाजपा राजगौरव नौटियाल सहित अन्य गणमान्य अतिथि, अधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

- Advertisement -spot_img

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_img

Latest article