28.2 C
Dehradun

देहरादून में पुलिस और बदमाश के बीच हुई मुठभेड़, पैर में गोली लगने के बाद आरोपी गिरफ्तार

Must read

चेन स्नैचिंग का आरोपी मुठभेड़ के बाद दबोचा, तमंचा-कारतूस और लूटी गई चेन बरामद

देहरादून। राजधानी देहरादून में देर रात पुलिस चेकिंग के दौरान एक बदमाश ने भागने की कोशिश की और पीछा कर रही पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। बसंत विहार थाना क्षेत्र के हरबंसवाला बैरियर पर हुई इस घटना में पुलिस की जवाबी कार्रवाई के दौरान आरोपी के पैर में गोली लग गई। इसके बाद पुलिस ने उसे दबोच लिया।

पुलिस के अनुसार, हरबंसवाला बैरियर पर चेकिंग के दौरान बिना नंबर प्लेट की स्कूटी सवार युवक को रोकने का इशारा किया गया। युवक रुकने के बजाय स्कूटी लेकर टी-स्टेट की तरफ भागने लगा। पुलिस टीम ने पीछा किया तो उसने फायरिंग कर दी। इसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी के पैर में गोली लगी।

घायल आरोपी की पहचान 27 वर्षीय आकाश उर्फ तमंचा, निवासी शिवाजी एन्क्लेव, जैन प्लॉट, रायपुर क्षेत्र, देहरादून के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे तत्काल उपचार के लिए प्रेमनगर चिकित्सालय पहुंचाया, जहां से चिकित्सकों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने अस्पताल पहुंचकर भी आरोपी से जुड़ी जानकारी ली।

चेन स्नैचिंग के मामले में था वांछित

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी आकाश 14 अगस्त को बसंत विहार क्षेत्र में एक वृद्ध महिला से हुई चेन स्नैचिंग की वारदात में वांछित था। इस संबंध में बसंत विहार थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से .315 बोर का देशी तमंचा, एक खोखा कारतूस और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है।

इसके अलावा बिना नंबर प्लेट की नीले रंग की एक्टिवा स्कूटी और वृद्ध महिला से छीनी गई सोने की चेन भी पुलिस के हाथ लगी है। पुलिस के मुताबिक बरामद स्कूटी कोतवाली नगर क्षेत्र से चोरी की गई थी।

एफएसएल टीम ने जुटाए साक्ष्य

मुठभेड़ के बाद फोरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (एफएसएल) की टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जरूरी साक्ष्य जुटाए। पुलिस अब आरोपी के आपराधिक रिकॉर्ड की जानकारी जुटा रही है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि वह किसी अन्य आपराधिक घटना में शामिल रहा है या नहीं।

- Advertisement -spot_img

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_img

Latest article