17.4 C
Dehradun
spot_img

13 नवंबर को होगा तृतीय प्रवासी उत्तराखंडी सम्मेलन, देश-विदेश में रह रहे प्रवासियों को मिलेगा अपनी मातृभूमि से जुड़ने का मंच

Must read

13 नवंबर को होगा तृतीय प्रवासी उत्तराखंडी सम्मेलन, देश-विदेश में रह रहे प्रवासियों को मिलेगा अपनी मातृभूमि से जुड़ने का मंच

मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने तैयारियों की समीक्षा कर अधिकारियों को दिए समयबद्ध कार्य पूरा करने के निर्देश, युवाओं की सहभागिता पर रहेगा विशेष जोर

देहरादून। उत्तराखंड की संस्कृति, परंपराओं और विकास को वैश्विक पहचान दिलाने के उद्देश्य से आगामी 13 नवंबर 2026 को तृतीय प्रवासी उत्तराखंडी सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। देहरादून स्थित दून विश्वविद्यालय के डॉ. नित्यानंद ऑडिटोरियम में आयोजित होने वाले इस सम्मेलन में देश-विदेश के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल करने वाले प्रवासी उत्तराखंडियों की सहभागिता रहेगी।

शुक्रवार को मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन की अध्यक्षता में सचिवालय में सम्मेलन की तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में मुख्य सचिव ने अधिकारियों को सभी तैयारियां समयबद्ध और व्यवस्थित तरीके से पूर्ण करने के निर्देश दिए।

मुख्य सचिव ने कहा कि सम्मेलन में पूरे देश का प्रतिनिधित्व सुनिश्चित किया जाए और विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले प्रवासी उत्तराखंडियों को आमंत्रित किया जाए। उन्होंने विशेष रूप से युवाओं की सहभागिता पर जोर देते हुए कहा कि युवा पीढ़ी को प्रवासियों के अनुभवों, नवाचारों और सफलता की कहानियों से जोड़ना महत्वपूर्ण है। इससे राज्य के विकास में उनके ज्ञान, अनुभव और विशेषज्ञता का लाभ मिल सकेगा।

बैठक में सम्मेलन के उद्घाटन सत्र, डेलीगेट्स के पंजीकरण, विशिष्ट अतिथियों के संबोधन, विभिन्न विषयों पर पैनल चर्चा, पैनलिस्ट के चयन और कार्यक्रम की समयावधि सहित विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की गई। इसके साथ ही सांस्कृतिक संध्या, यातायात प्रबंधन और सम्मेलन के लाइव प्रसारण की व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की गई।

मुख्य सचिव ने निर्देश दिए कि सम्मेलन से संबंधित सभी तैयारियों की विस्तृत चेकलिस्ट तैयार कर प्रत्येक कार्य की जिम्मेदारी निर्धारित की जाए। उन्होंने प्रवासी प्रकोष्ठ एवं संबंधित अधिकारियों को मंगलवार तक कार्यक्रम की रूपरेखा और आयोजन से जुड़ी तैयारियों को अंतिम रूप देने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें, ताकि सम्मेलन को सुव्यवस्थित, प्रभावी और उद्देश्यपूर्ण बनाया जा सके। बैठक में संबंधित अधिकारियों ने सम्मेलन की तैयारियों को लेकर प्रस्तुतिकरण भी दिया।

बैठक में प्रमुख सचिव आर.के. सुधांशु एवं आर. मीनाक्षी सुंदरम, सचिव शैलेश बगौली, डॉ. आर. राजेश कुमार, दीपेंद्र चौधरी, युगल किशोर पंत, महानिदेशक सूचना बंशीधर तिवारी, प्रवासी प्रकोष्ठ से सुधीर नौटियाल सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

- Advertisement -spot_img

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Advertisement