17.3 C
Dehradun

पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने महासू देवता मंदिर में टेका मत्था, कार्यकर्ताओं संग की 2024 की रूपरेखा पर बात

Must read

त्यूणी। पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने रविवार को हनोल स्थित श्री महासू देवता मंदिर में मत्था टेका। उन्होंने ने देवता से प्रदेश वासियों के खुशहाली की कामना की। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र के लोगों और कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर उनकी समस्या जानी।

शादी में शामिल हुए त्रिवेंद्र सिंह रावत

त्रिवेंद्र सिंह रावत ने अणू गांव में आयोजित एक विवाह समारोह में हिस्सा लिया। यहां भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं राज्य एसटी आयोग के पूर्व चेयरमैन मूरतराम शर्मा के भतीजे की शादी में पहुंचे पूर्व सीएम ने जौनसारी लोक गीतों पर तांदी नृत्य किया। उन्होंने कहा जौनसार-बावर की लोक संस्कृति और क्षेत्र के लोगों से उनका गहरा लगाव है।

श्री महासू देवता का लिया आशीर्वाद

रविवार को वह हिमाचल प्रदेश के सीमावर्ती हाटकोटी स्थित माता हाटेश्वरी के मंदिर में दर्शन के लिए गए। इसके बाद वह हनोल स्थित श्री महासू देवता मंदिर पहुंचे। यहां मंदिर समिति के सदस्यों और ग्रामीणों ने उनका परंपरागत ढंग से स्वागत किया। पूर्व सीएम ने विशेष पूजा-अर्चना कर महासू देवता से आशीर्वाद लिया। उन्होंने मंदिर समिति के साथ पर्यटन स्थल हनोल में प्रस्तावित विकास कार्य पर चर्चा की।

पहाड़ों के विकास के लिए हमने किया था काम

त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कहा कि उनके कार्यकाल में सरकार ने पहाड़ के विकास के लिए कई महत्वपूर्ण योजनाएं संचालित की। पहाड़ में तीर्थाटन और पर्यटन विकास को गति देने के साथ स्वरोजगार को बढ़ावा देना बेहद जरूरी है। पहाड़ में मोटे अनाज की खेती और पर्यटन विकास से राज्य की आर्थिकी में सुधार होगा। स्थानीय स्तर पर स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध होने से पलायन को रोका जा सकता है। भाजपा सरकार का मूल उद्देश्य समाज के अंतिम छोर में बसे व्यक्ति को सरकारी योजना का लाभ पहुंचाना है।

मिशन 2024 की रूपरेखा पर हुई चर्चा

त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कार्यकर्ताओं से मिशन 2024 की रूपरेखा तैयार करने पर चर्चा की। मंदिर समिति ने पूर्व सीएम को स्मृति चिन्ह के रूप में महासू देवता मंदिर की फोटो भेंट कर सम्मानित किया। महासू मंदिर में दर्शन के बाद पूर्व सीएम उत्तरकाशी के मोरी-पुरोला क्षेत्र के भ्रमण पर निकल गए।

ये लोग रहे साथ में

इस दौरान कालसी के ब्लाक प्रमुख मठोर सिंह चौहान, प्रभारी तहसीलदार ग्यारूदत्त जोशी, मंदिर समिति के सचिव मोहनलाल सेमवाल, पूर्व जिला उपाध्यक्ष भाजपा राजाराम शर्मा, मंडल अध्यक्ष नीरज शर्मा, पूर्व मंडल अध्यक्ष रतन सिंह चौहान, राजस्व उप निरीक्षक श्याम सिंह तोमर, राजेंद्र नौटियाल, सतपाल राणा, विक्रम सिंह राजगुरु, नरेंद्र नौटियाल, रोशन लाल आदि मौजूद रहे।

- Advertisement -spot_img

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_img

Latest article