14 C
Dehradun

किच्छा और हरिद्वार में राहुल गांधी ने चुनावी जनसभा को संबोधित किया ।

Must read

 

 

किच्छा/ हरिद्वार : ऊधम सिंह नगर जिले के किच्छा स्थित मंडी परिसर में कांग्रेस पार्टी की ओर से जनसभा का आयोजन किया गया था।  आज की किसान रैली मे राहुल गांधी ने कहा कि मैं किसानों को बधाई देना चाहता हूं कि तीन कानूनों के खिलाफ आप पहाड़ जैसे खड़े रहे। एक इंच हिले नहीं और एक कदम पीछे नहीं गए। आपने हिंदुस्तान की सरकार को सच्चाई दिखाई। इस सरकार को यह बताना बहुत जरूरी था। कहा कि आप सिर्फ देश को भोजन नहीं देते, रास्ता भी दिखाते हो। सालों से यह क्रम जारी है। अंग्रेजों से लड़ाई बड़े उद्योगपतियों ने नहीं लड़ी थी। किसानों और मजदूरों ने लड़ी थी।

उन्होंने कहा कि मनमोहन सिंह का समय गोल्डन पीरियड था क्योंकि उस समय किसानों और सरकार के बीच पार्टनरशिप थी। सरकार के दरवाजे खुले थे। जो आपके दिल में था, वह कह सकते थे। उस समय के हिंदुस्तान में प्रधानमंत्री था आज के हिंदुस्तान में राजा है। नरेंद्र मोदी प्रधानमंत्री नहीं, राजा हैं। आज का राजा जनता की नहीं सुनता है। किसान एक साल ठंड और कोविड में सड़क पर खड़े थे। लेकिन प्रधानमंत्री ने बात करने की कोशिश नहीं की। यूपीए सरकार के दौरान हमने किसानों की मांग पर 10 दिन में 70 हजार करोड़ रुपए का कर्जा माफ किया था। हमारी मंशा आपके साथ पार्टनरशिप करने की है। जिससे कि आपको लगे कि यह आपकी सरकार है। इस दौरान राहुल गांधी ने कहा कि मैं गारंटी दे सकता हूं कि जो नरेंद्र मोदी ने किसानों के साथ किया। कांग्रेस पार्टी मर जाएगी, खत्म हो जाएगी, लेकिन ये कभी नहीं करेगी।

इस जनसभा को संबोधित करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने कहा कि हरित क्रांति के जरिए पंत विश्वविद्यालय ने पूरे देश का मान बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि श्वेत क्रांति, हरित क्रांति और दुग्ध क्रांति आदि की जनक इंदिरा गांधी थीं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जसपुर से लेकर मुनस्यारी तक कांग्रेस की सरकार बनेगी ।

राहुल गांधी ने आज हरिद्वार में वर्चुअल रैली के जरिए कांग्रेस कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। राहुल गांधी ने कहा कि मौजूदा मोदी सरकार की नीतियों के जरिए दो हिंदुस्‍तान बनाए जा रहे हैं। एक देश 100-200 अरबपतियों का देश है जिसमें सबकुछ खरीदा जा सकता, दूसरा हिंदुस्‍तान है करोड़ों गरीबों, किसानों, छोटे व्‍यापारियों का हिंदुस्‍तान में जहां रोजगार तक नहीं। इस दौरान राहुल ने नोटबंदी, के जीएसटी और कोरोना के दौरान हुई बदहाली का जिक्र किया। राहुल ने कुंभ मेले के दौरान हुए कोरोना टेस्टिंग फर्जीवाड़े के मुद्दे पर भी बीजेपी को घेरा।

राहुल ने उत्‍तराखंड की जनता से कहा कि हमारा नारा है- चार धाम, चार काम… हम केवल चार वादे करते हैं। हमारी पार्टी सत्‍ता में आई तो 2 करोड़ लोगों को नहीं 4 लाख लोगों को रोजगार देंगे, घरेलू सिलिंडर की कीमत 500 रुपये से ज्‍यादा नहीं बढ़ने देंगे। राज्‍य में न्‍याय योजना लागू करेंगे जिसके तहत पांच लाख परिवारों को हर साल 40 हजार रुपये दिए जाएंगे। इसके अलावा हर घर के दरवाजे तक स्‍वास्‍थ्‍य सेवा पहुंचाएंगे। राहुल ने कहा कि हम मोटरसाइकल ऐम्‍बुलेंस की व्‍यवस्‍था करेंगे, जहां बाइक नहीं पहुंच सकेगी वहां ड्रोन की मदद से दवाएं पहुंचाएंगे।

कांग्रेस के महामंत्री संगठन मथुरादत्त जोशी ने दावा किया है कि 70 विधानसभा क्षेत्रों में करीब एक लाख 40 हजार लोग इस कार्यक्रम से जुड़ रहे हैं।

- Advertisement -spot_img

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_img

Latest article