23.5 C
Dehradun

ऑपरेशन प्रहार के तहत बड़ी कार्रवाई, तीन नशा तस्कर गिरफ्तार, 20 ग्राम से अधिक स्मैक बरामद

Must read

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के ‘ड्रग्स फ्री देवभूमि’ विजन को साकार करने के लिए दून पुलिस का ऑपरेशन प्रहार लगातार जारी है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) देहरादून के निर्देश पर जिलेभर में मादक पदार्थों की तस्करी और बिक्री में लिप्त अपराधियों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत विकासनगर और डोईवाला थाना पुलिस ने अलग-अलग कार्रवाई करते हुए तीन नशा तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से कुल 20.06 ग्राम अवैध स्मैक और एक कार बरामद की गई है।

विकासनगर में दो तस्कर दबोचे

कोतवाली विकासनगर पुलिस ने चेकिंग अभियान के दौरान उदियाबाग स्थित चाय बागान रोड से ऑल्टो कार में सवार दिलशाद उर्फ शानू को 7.69 ग्राम स्मैक के साथ गिरफ्तार किया। वहीं, त्यागी फार्म हाउस के पास से जावेद को 5.96 ग्राम स्मैक के साथ पकड़ा गया। पुलिस ने दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत अलग-अलग मुकदमे दर्ज किए हैं।

जांच में सामने आया कि दोनों आरोपी पहले भी मादक पदार्थों की तस्करी के मामलों में जेल जा चुके हैं। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान तस्करी में प्रयुक्त ऑल्टो कार भी कब्जे में ले ली है।

डोईवाला में भी एक आरोपी गिरफ्तार

उधर, कोतवाली डोईवाला पुलिस ने तेलीवाला रोड पर वाहन और संदिग्ध व्यक्तियों की जांच के दौरान फरीद नामक युवक को 6.41 ग्राम अवैध स्मैक के साथ गिरफ्तार किया। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार फरीद का आपराधिक इतिहास भी रहा है और वह पूर्व में चोरी के मामले में जेल जा चुका है।

नशा तस्करों पर लगातार जारी रहेगी कार्रवाई

दून पुलिस ने स्पष्ट किया है कि ऑपरेशन प्रहार के तहत जिलेभर में नशा तस्करों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। पुलिस का कहना है कि युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाने और प्रदेश को नशा मुक्त बनाने के उद्देश्य से मादक पदार्थों की तस्करी में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।

- Advertisement -spot_img

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_img

Latest article