27.7 C
Dehradun

जिलाधिकारी ने दी पर्यावरण संरक्षण हेतु जनभागीदारी बढ़ाने के निर्देश

Must read

जिला सूचना अधिकारी पौड़ी गढ़वाल

विश्व पर्यावरण दिवस पर जिले में चलेंगे विशेष अभियान

31 मई 2025

पौड़ी, : विश्व पर्यावरण दिवस (05 जून) के सफल आयोजन हेतु जिलाधिकारी पौड़ी ने जिला कार्यालय स्थित एनआईसी कक्ष में सम्बंधित अधिकारियों की बैठक ली। बैठक में उन्होंने विविध कार्यक्रमों एवं गतिविधियों के आयोजन के निर्देश देते हुए जनपद स्तर पर व्यापक जनभागीदारी सुनिश्चित करने पर बल दिया।

बैठक में जिलाधिकारी ने वायु प्रदूषण की रोकथाम के उद्देश्य से 03 जून को सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पैदल चलकर कार्यालय आने तथा 04 जून को समूह बनाकर न्यूनतम वाहनों का उपयोग करने के लिए प्रेरित किया। साथ ही 01 से 05 जून तक प्रतिदिन शाम 06:30 से 07:30 बजे तक ‘अर्थ ऑवर’ मनाने हेतु अपने-अपने आवासीय परिसरों में न्यूनतम विद्युत उपकरणों का उपयोग करने के निर्देश दिये।

जिलाधिकारी ने विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर समूचे जनपद में पौधरोपण अभियान चलाने, गाड़-गदेरों, पर्यटन एवं धार्मिक स्थलों, जल स्रोतों सहित श्रीनगर व यमकेश्वर के नदी घाटों पर विशेष सफाई अभियान संचालित करने के निर्देश दिये। उन्होंने लैंसडौन के अंतर्गत चिनबो, यमकेश्वर के पटना जल प्रपात सहित दुगड्डा मंदिर के आसपास विशेष सफाई अभियान चलाने के निर्देश दिये। पर्यावरण संरक्षण में पिरूल एकत्रीकरण को लेकर बीडीओ नैनीडांडा व नीलकंठ को स्वच्छ रखने में उपजिलाधिकारी व खण्ड विकास अधिकारी यमकेश्वर के प्रयासो की सराहना की।

उन्होंने ऐसे स्थलों के चयन पर विशेष बल दिया जहाँ वनाग्नि की संभावना न्यूनतम हो, ताकि पौधों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। साथ ही पौधरोपण के आंकड़ों व फोटोग्राफ्स को विकासखण्डवार सुरक्षित रखने के निर्देश भी दिये गए।

सहायक निर्वाचन अधिकारी को निर्देशित किया गया कि जनपद के समस्त मतदान बूथों पर पौधरोपण कार्यक्रम के साथ-साथ प्रतिभागियों को मतदाता जागरूकता शपथ दिलाकर पर्यावरण एवं मतदान दोनों के महत्व की जानकारी दी जाए। शिक्षा विभाग को निर्देश दिये गये कि स्वच्छता अभियान और पौधरोपण कार्यक्रमों में स्कूली छात्रों की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित कराई जाए।

बैठक में डीएफओ सिविल सोयम पवन नेगी, अपर पुलिस अधीक्षक अनूप काला, परियोजना निदेशक डीआरडीए विवेक कुमार उपाध्याय, जिला विकास अधिकारी मनविन्दर कौर, मुख्य शिक्षाधिकारी नागेन्द्र बर्तवाल, जिला उद्यान अधिकारी राजेश तिवारी, सहायक निर्वाचन अधिकारी शान्ति लाल शाह सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

- Advertisement -spot_img

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_img

Latest article