24.2 C
Dehradun

जिलाधिकारी ने निर्वाचन कार्यालय का औचक निरीक्षण कर एसआईआर कार्यों की समीक्षा की

Must read

एसआईआर फॉर्म निस्तारण में गुणवत्ता पर जोर, निर्धारित प्रारूप में कार्य करने के निर्देश

पौड़ी- जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने गुरुवार को जनपद मुख्यालय स्थित जिला निर्वाचन कार्यालय का औचक निरीक्षण कर विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के तहत चल रही प्रक्रियाओं की समीक्षा की। उन्होंने जनपद की सभी विधानसभा क्षेत्रों में गणना प्रपत्रों, मतदाता सूची, बीएलओ एवं एईआरओ स्तर पर की जा रही कार्रवाई तथा नोटिसों की सुनवाई सहित विभिन्न कार्यों की प्रगति की जानकारी ली।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने एसआईआर प्रपत्रों के निस्तारण का रेंडम चेक किया। कुछ नो-मैपिंग वाले एसआईआर फॉर्म में बीएलओ एवं एईआरओ की रिपोर्ट संलग्न न होने पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक रिपोर्ट एवं सत्यापन पूर्ण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी प्रपत्रों का निस्तारण निर्धारित प्रक्रिया के अनुरूप और गुणवत्ता के साथ किया जाए। जिलाधिकारी ने कहा कि एसआईआर कार्य में संख्या के साथ-साथ प्रत्येक प्रपत्र की गुणवत्ता, सत्यापन एवं प्रक्रिया की शुद्धता का विशेष ध्यान रखा जाए, ताकि पुनरीक्षण की प्रक्रिया व्यवस्थित एवं प्रभावी ढंग से पूरी हो सके।

इस दौरान जिलाधिकारी ने यमकेश्वर एवं श्रीनगर विधानसभा क्षेत्रों के ईआरओ से फोन पर वार्ता कर प्रपत्रों को निर्धारित प्रारूप एवं आवश्यक रिपोर्ट के साथ भेजने के निर्देश दिए। उन्होंने श्रीनगर विधानसभा क्षेत्र के बीएलओ से भी फोन पर बातचीत कर नोटिसों की सुनवाई प्रक्रिया की जानकारी प्राप्त की। वहीं, चौबट्टाखाल एवं कोटद्वार विधानसभा क्षेत्रों में किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए अधिकारियों को इसी तरह बेहतर समन्वय के साथ कार्य जारी रखने को कहा।

जिलाधिकारी ने कहा कि सभी विधानसभा क्षेत्रों में सुनवाई की प्रक्रिया निर्धारित रूप से आगे बढ़ रही है और शेष प्रक्रिया भी कुछ ही दिनों में पूरी कर ली जाएगी। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी एसआईआर फॉर्म निर्धारित प्रारूप के अनुसार भरे जाएं तथा प्रत्येक स्तर पर प्रपत्रों की जांच और गुणवत्ता सुनिश्चित की जाए।

इस अवसर पर एडीएम एफआर चौहान, सहायक निर्वाचन अधिकारी शांति लाल शाह सहित निर्वाचन कार्यालय के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

- Advertisement -spot_img

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_img

Latest article