18 C
Dehradun
spot_img

निर्माणाधीन भवन में मिला पंजाब निवासी 52 वर्षीय व्यक्ति का शव, पांचवीं मंजिल से गिरने की आशंका

Must read

देहरादून। रायपुर थाना क्षेत्र में एटीएस कॉलोनी के पास एक निर्माणाधीन भवन में 52 वर्षीय व्यक्ति का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सोमवार सुबह सूचना मिलने पर रायपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। मृतक के सिर और चेहरे पर गंभीर चोटों के निशान मिले हैं। प्रारंभिक जांच में पांचवीं मंजिल से नीचे गिरने के कारण मौत होने की आशंका जताई जा रही है।

पुलिस के अनुसार, 26 अक्टूबर 2026 को सुबह करीब छह बजे पुलिस कंट्रोल रूम 112 के माध्यम से सूचना मिली कि एटीएस कॉलोनी से पहले स्थित एक निर्माणाधीन भवन में एक व्यक्ति मृत अवस्था में पड़ा है। सूचना पर थानाध्यक्ष रायपुर और चौकी प्रभारी मयूर विहार पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। मौके पर व्यक्ति का शव चित अवस्था में मिला। उसके सिर और चेहरे पर गंभीर चोटें थीं तथा काफी रक्तस्राव हुआ था।

पंजाब के फतेहगढ़ साहिब का निवासी था मृतक

मृतक की पहचान पंकज मित्तल (52 वर्ष), पुत्र पवन कुमार, निवासी मकान संख्या 370, बट्टन लाल रोड, वार्ड संख्या 18, सेक्टर 3-ए, गोबिंदगढ़, जिला फतेहगढ़ साहिब, पंजाब के रूप में हुई है।

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस के उच्चाधिकारियों ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। इसके बाद फील्ड यूनिट और फॉरेंसिक टीम को मौके पर बुलाकर वैज्ञानिक एवं तकनीकी जांच कराई गई।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट से स्पष्ट होगी मौत की वजह

पुलिस की प्रारंभिक जांच में आशंका है कि पंकज मित्तल की मौत निर्माणाधीन भवन की पांचवीं मंजिल से नीचे गिरने के कारण हुई। हालांकि, मौत के वास्तविक कारणों और घटना की परिस्थितियों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फॉरेंसिक परीक्षण और अन्य साक्ष्यों के आधार पर होगी।

पुलिस ने शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले में सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए गहन जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

- Advertisement -spot_img

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Advertisement