36.1 C
Dehradun

पुलिस मुठभेड़ में राजस्थान के दो बदमाश गिरफ्तार, एक के पैर में लगी गोली

Must read

नयागांव में चेकिंग के दौरान बैरियर तोड़कर भागे बदमाश, पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक घायल

देहरादून। देहरादून में तड़के सुबह दून पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी। नयागांव क्षेत्र में सघन चेकिंग अभियान के दौरान पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हुई, जिसमें राजस्थान के दो शातिर अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया गया। मुठभेड़ के दौरान एक बदमाश के पैर में गोली लगी, जबकि दूसरे आरोपी को पुलिस ने पीछा कर दबोच लिया। पुलिस तीन अन्य फरार बदमाशों की तलाश में जुटी हुई है।

पुलिस के अनुसार, नयागांव चौकी बैरियर पर नाकेबंदी और चेकिंग के दौरान राजस्थान नंबर (RJ) की एक संदिग्ध स्विफ्ट कार को रोकने का प्रयास किया गया। हालांकि, कार सवार बदमाशों ने बैरियर को टक्कर मारते हुए फरार होने की कोशिश की और सेलाकुई की ओर भाग निकले। पुलिस टीम ने तत्काल उनका पीछा शुरू किया। पीछा करते हुए बदमाश चांदनी चौक से भूरपुर की ओर पहुंचे और रामगढ़ के रपटे के पास अपनी कार छोड़कर नदी की तरफ भागने लगे।

इस दौरान बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाब में पुलिस ने आत्मरक्षा में फायरिंग की, जिसमें एक बदमाश घायल हो गया। घायल आरोपी की पहचान रिंकू मीणा के रूप में हुई है। वहीं दूसरे आरोपी विनोद कुमार मीणा को पुलिस ने पीछा कर गिरफ्तार कर लिया। घायल बदमाश को पहले प्रेमनगर चिकित्सालय ले जाया गया, जहां से उसे बेहतर उपचार के लिए दून अस्पताल रेफर कर दिया गया।

घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल तथा अस्पताल पहुंचकर पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। पुलिस ने गिरफ्तार बदमाशों के कब्जे से दो देशी तमंचे, खोखा, जिंदा कारतूस तथा वारदात में प्रयुक्त स्विफ्ट कार बरामद की है।

पुलिस जांच में सामने आया है कि मुठभेड़ में घायल रिंकू मीणा के खिलाफ राजस्थान में हत्या समेत कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। वहीं गिरफ्तार दूसरे आरोपी विनोद कुमार मीणा पर भी राजस्थान के विभिन्न थानों में कई संगीन मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस अब फरार तीन अन्य आरोपियों की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।

- Advertisement -spot_img

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_img

Latest article