24 C
Dehradun

हिमाचल के विधानसभा चुनाव के बाद दिल्ली के नगर निगम चुनावों में मुख्यमंत्री धामी की धमक, रोड शो में हुए शामिल

Must read

 देहरादून:  हिमाचल के विधानसभा चुनाव के बाद अब दिल्ली के नगर निगम चुनावों में भी भाजपा नेतृत्व मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का भरपूर उपयोग करने जा रहा है। रविवार से इसकी शुरुआत भी हो गई।

कुमाऊं दौरे से दिल्ली पहुंचे मुख्यमंत्री धामी ने शाम को वहां विनोदनगर और मंडावली सीट से भाजपा प्रत्याशियों के समर्थन में आयोजित रोड शो में भाग लिया। दिल्ली में उत्तराखंडी प्रवासियों की अच्छी-खासी संख्या है और कई सीटों पर वे निर्णायक भूमिका में भी हैं।

हिमाचल में भी मुख्यमंत्री धामी को झोंके रखा

मुख्यमंत्री धामी के नेतृत्व में विधानसभा चुनाव में मिथक तोड़कर भाजपा लगातार दूसरी बार सत्तासीन होने में सफल रही थी। हिमाचल में भी मिथक तोडऩे के उद्देश्य से भाजपा ने मुख्यमंत्री धामी को विधानसभा चुनाव में झोंके रखा। धामी ने हिमाचल के विधानसभा चुनाव में शिमला, सिरमौर, पांवटा साहिब, नाहन समेत एक दर्जन से अधिक क्षेत्रों में चुनावी रैलियों व सभाओं को संबोधित किया था।

अब भाजपा नेतृत्व ने दिल्ली के नगर निगम चुनाव के लिए अपने स्टार प्रचारकों की सूची में मुख्यमंत्री धामी को भी शामिल किया है। असल में इसके पीछे पार्टी की मंशा दिल्ली में रह रहे उत्तराखंड के निवासियों को भाजपा के पक्ष में मोडऩे की है। इसी के दृष्टिगत उनके दिल्ली के कार्यक्रम निर्धारित किए जा रहे हैं।

कुमाऊं दौरे पर गए मुख्यमंत्री धामी रविवार को अल्मोड़ा से दिल्ली पहुंचे और फिर भाजपा प्रत्याशियों के समर्थन में शांति मार्ग से लेकर श्रीराम रोड चौक तक आयोजित रोड शो में भाग लिया। उनके साथ दिल्ली के सांसद गौतम गंभीर भी शामिल थे।

गुजरात में भी मोर्चा संभालेंगे धामी

मुख्यमंत्री धामी ने विधानसभा चुनाव के दौरान राज्य में समान नागरिक संहिता लागू करने की घोषणा की थी। लगातार दूसरी बार सरकार बनते ही पहली कैबिनेट की बैठक में उन्होंने समान नागरिक संहिता लागू करने के मद्देनजर ड्राफ्ट तैयार करने के लिए विशेषज्ञ समिति गठित की। समिति लगातार बैठकें करने के साथ ही आमजन से राय ले रही है।

इस बीच उत्तराखंड की तर्ज पर गुजरात सरकार ने भी समान नागरिक संहिता लागू करने के दृष्टिगत कदम उठाने का निर्णय लिया है। इसे देखते हुए भाजपा नेतृत्व ने गुजरात के विधानसभा चुनाव में भी मुख्यमंत्री धामी का उपयोग करने की ठानी है।

भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री तरुण चुग ने मुख्यमंत्री धामी को भेजे पत्र में बताया है कि 22 नवंबर को गुजरात प्रदेश भाजपा ने कारपेट बांबिंग कार्यक्रम की योजना बनाई है। मुख्यमंत्री धामी से इस कार्यक्रम में भागीदारी करने का अनुरोध किया गया है।

- Advertisement -spot_img

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_img

Latest article