29.2 C
Dehradun

कांग्रेस को झटका, शैलेंद्र रावत ने की घर वापसी

Must read

देहरादून। कोटद्वार के पूर्व विधायक एवं कांग्रेस नेता शैलेंद्र रावत ने अपने समर्थकों सहित भाजपा में घर वापसी कर ली है। रविवार को यहां प्रदेश भाजपा कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में रावत के अलावा गढ़वाल मंडल के विभिन्न क्षेत्रों में जनाधार रखने वाले कई नेताओं और निकाय व पंचायत प्रतिनिधियों ने भाजपा का दामन थामा।

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के प्रतिनिधि के रूप में कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, राज्यसभा सदस्य नरेश बंसल ने इन सभी का भाजपा में स्वागत करते हुए उन्हें पार्टी की सदस्यता ग्रहण कराई। भाजपा का दावा है कि कार्यक्रम में कांग्रेस समेत विभिन्न दलों के लगभग ढाई हजार कार्यकर्ता पार्टी में शामिल हुए।

लोकसभा चुनाव के लिए मैदान में उतर चुकी भाजपा ने राज्य में लोकसभा की प्रत्येक सीट पर इस बार पांच लाख से ज्यादा मतों के अंतर से जीत का लक्ष्य रखा है। इसके लिए वह सुविचारित रणनीति के तहत आगे बढ़ रही है। साथ ही भाजपा ने अन्य दलों के नेताओं व कार्यकर्ताओं के लिए दरवाजे खोले हैं।

इसी कड़ी में रविवार को आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कांग्रेस समेत अन्य दलों के लोग भाजपा में शामिल हुए। इनमें पूर्व विधायक शैलेंद्र रावत का नाम प्रमुख है। वह वर्ष 2012 में भाजपा छोड़कर कांग्रेस में चले गए थे। अब उन्होंने घर वापसी की है।

उनके अलावा विधानसभा की केदारनाथ सीट से दो बार निर्दलीय चुनाव लड़ चुके कुलदीप सिंह रावत, पूर्व मंत्री मातबर सिंह कंडारी के पुत्र राजेश कंडारी, देवप्रयाग नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष कृष्णकांत कोटियाल, पूर्व ब्लाक प्रमुख जयपाल पंवार, रुद्रप्रयाग जिला पंचायत के उपाध्यक्ष सुमंत तिवारी के साथ ही पुरोला, घनसाली, टिहरी, देवप्रयाग, रुद्रप्रयाग, कोटद्वार क्षेत्र से विभिन्न दलों के नेताओं व कार्यकर्ताओं ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की।

‘हमें प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के हाथों को मजबूत करना है’

इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि आज देश का राजनीतिक माहौल भाजपामय है, जिसे लोकसभा चुनाव में ऐतिहासिक जीत में तब्दील कर हमें प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के हाथों को मजबूत करना है। उन्होंने सभी से पार्टी के मिशन में जुटने की अपील की और कहा कि प्रदेश भाजपा का संरक्षक होने के नाते वह सबके सम्मान और भावनाओं का ख्याल रखेंगे।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विजन और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशन में उत्तराखंड विकास की नई गाथाएं लिख रहा है। कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि पार्टी की सदस्यता लेने वालों का यह दृश्य बताने को काफी है कि लोकसभा चुनाव में इस बार भाजपा 400 से ज्यादा सीटें जीतेगी।

राज्यसभा सदस्य नरेश बंसल ने कहा कि भाजपा परिवारवाद की नहीं, परिवारभाव से चलने वाली पार्टी है। कार्यक्रम का संचालन प्रदेश महामंत्री आदित्य कोठारी ने किया। इस अवसर पर विधायक शक्तिलाल शाह, भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष शैलेंद्र बिष्ट व नीरू देवी, प्रदेश कार्यालय सचिव कौस्तुभानंद जोशी, प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान, दायित्वधारी राजकुमार आदि मौजूद थे।

- Advertisement -spot_img

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_img

Latest article