24.3 C
Dehradun

अमित शाह ने भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं को जीत का मंत्र देते हुए कहा- जो बूथ जीता वो चुनाव जीता

Must read

लखनऊ। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं को जीत का मंत्र देते हुए कहा कि जो बूथ जीता वो चुनाव जीता। शाह ने गुरुवार शाम कानपुर रोड स्थित होटल हालिडे इन में भाजपा की संगठनात्मक बैठक में चुनावी रणनीति को लेकर पार्टी पदाधिकारियों का मार्गदर्शन किया। उन्होंने स्पष्ट तौर पर बताया कि बूथ प्रबंधन से बेहतर चुनाव जीतने का कोई दूसरा उपाय नहीं है।

शाह ने कहा कि पन्ना प्रमुख, मतदाताओं से संपर्क कर उन्हें भाजपा का संकल्प पत्र देकर प्रधानमंत्री की गारंटी के बारे में बताएं और उनके घरों पर स्टीकर लगाएं। उन्होंने कहा कि जनता हमारे साथ है। लोगों को मोदी की गारंटी पर भरोसा है। बस हर घर तक मोदी का संदेश पहुंचाना है। लगभग दो घंटे चली बैठक में शाह ने पांचवें चरण की 14 लोकसभा सीटों की समीक्षा भी की।

शाह ने कहा कि सामाजिक संपर्क को और बढ़ाएं। संपर्क के दौरान नये वोटरों और महिला मतदाताओं पर ध्यान केंद्रित करें। उन्हें मोदी की गारंटी के बारे में विस्तार से जरूर बताएं। उन्होंने कहा कि पन्ना प्रमुखों के साथ-साथ भाजपा नेता व कार्यकर्ता 100 प्रतिशत लोगों से संपर्क करेंगे और सुबह सात बजे ही अपना, अपने परिवार के सभी मतदाताओं का मतदान सुनिश्चित करेंगे।

शाह ने भाजपा नेताओं से कहा कि तीसरे चरण से लेकर अंतिम चरण तक हर सीट पर जीत का अंतर और बढ़ाना है। इसके लिए सभी कार्यकर्ता पूरा जोर लगाएं। ज्यादा से ज्यादा लोगों से संपर्क करके उन्हें भाजपा के संकल्पों के बारे में जानकारी दें। घर-घर संकल्प पत्र पहुंचाएं और मतदाताओं के साथ उनके घरों में चाय पर संकल्प पत्र को लेकर चर्चा करें। शाह ने पांचवें चरण की लखनऊ, मोहनलालगंज, रायबरेली, अमेठी, जालौन, झांसी, हमीरपुर, बांदा, फतेहपुर, कौशांबी, बाराबंकी, फैजाबाद, कैसरगंज और गोंडा सीट की समीक्षा की।

शाह ने एक-एक सीट पर भाजपा की मजबूती और कमजोरियां पर चर्चा की। बैठक में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी, महामंत्री संगठन धर्मपाल, उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य व ब्रजेश पाठक सहित संबंधित सीटों के प्रभारी बनाए गए मंत्री सुरेश खन्ना, दयाशंकर सिंह सहित संगठन के प्रदेश व जिलों के पदाधिकारी मौजूद रहे।

बूथों की कैटेगिरी के हिसाब से बनाएं रणनीति

भाजपा ने चुनावी रणनीति के तहत ए,बी,सी व डी कैटेगरी के बूथ बनाए हैं। जिन बूथों पर भाजपा हमेशा भारी अंतर से जीतती रही है उन्हें ए, जिन पर कम अंतर से जीतती आई है उन्हें बी व जिन बूथों पर कभी हारी और कभी जीती है उन्हें सी कैटेगरी में रखा है। डी कैटेगरी में उस बूथ को शामिल किया गया है जिस पर भाजपा को जीत संभावना कम दिखाई देती है।

शाह ने सुझाव दिया है कि पहले ए बी व सी बूथों पर ध्यान केंद्रित करें और संबंधित मतदाताओं को सुबह दस बजे से पहले वोट डालने के लिए प्रेरित करें। वोटर लिस्ट प्रमुख मतदान पर रखेंगे नजर अमित शाह ने मंडल स्तर पर वोटर लिस्ट प्रमुख बनाने के निर्देश देते हुए कहा कि मतदान वाले दिन वे बूथ अध्यक्ष और पन्ना प्रमुखों के माध्यम से मतदान की स्थिति पर नजर रखें।

वोटर लिस्ट प्रमुख के पास मंडल के सभी बूथ के मतदाताओं की पूरी सूची रहेगी। सुबह से मतदान की स्थिति की निगरानी करते हुए जहां मतदान की धीमी गति होगी वहां के पन्ना प्रमुख को मतदाताओं से संपर्क कर वोट डालने के लिए प्रेरित करने के संबंध में मार्गदर्शन करेंगे।

सरकारी कर्मचारियों के वोट पहले डलवाने पर दिया जोर

अमित शाह ने भाजपा नेताओं से कहा कि चुनाव ड्यूटी में तैनात सभी सरकारी कर्मचारियों से पहले मतदान करवाना भी सुनिश्चित करें। कई बार सरकारी ड्यूटी में व्यस्त रहने के कारण कर्मचारी अपना वोट नहीं डाल पाते हैं। समय रहते उनका वोट पड़ना जरूरी है। इसी तरह से वृद्ध मतदाताओं का भी घर से पहले ही मतदान कराया जाए।

- Advertisement -spot_img

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_img

Latest article