22.1 C
Dehradun
spot_img

चंपावत के पूर्व विधायक और उत्तराखंड वन विकास निगम के अध्यक्ष कैलाश गहतोड़ी का निधन

Must read

देहरादून। चंपावत के पूर्व विधायक और उत्तराखंड वन विकास निगम के अध्यक्ष कैलाश गहतोड़ी का निधन हो गया। कैलाश गहतोड़ी ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के लिए अपनी सीट छोड़ी थी।

कैलाश गहतोड़ी दून मेडिकल कालेज अस्पताल में कई दिन से भर्ती थे। वह कैंसर से जूझ रहे थे। शुक्रवार सुबह करीब सात बजे उन्‍होंने अंतिम सांस ली। एमएस डा अनुराग अग्रवाल के अनुसार परिजन पार्थिव शव को लेकर काशीपुर रवाना हो गए हैं।

पार्थिव शरीर के सुबह 11.30 तक काशीपुर आने की संभावना है। मुख्‍यमंत्री पुष्‍कर सिंह धामी भी अंतिम संस्कार में शामिल होंगे। सीएम पंत नगर एयरपोर्ट पर उतरेंगे और सड़क मार्ग से काशीपुर पहुंचेंगे। शाम 4 बजे अंतिम यात्रा निकलेगी। जिसके बाद पूरे राजकीय सम्मान से उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।

‘पीड़ादायक समाचार सुन स्तब्ध हूं’: सीएम धामी

मुख्‍यमंत्री पुष्‍कर सिंह धामी ने श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि ‘वन विकास निगम के अध्यक्ष, पूर्व विधायक, प्रिय मित्र और बड़े भाई कैलाश गहतोड़ी के निधन का पीड़ादायक समाचार सुन स्तब्ध हूं। कैलाश जी का जाना संगठन, प्रदेश के साथ-साथ मेरे लिए भी व्यक्तिगत क्षति है।

इस असीम कष्ट को शब्दों में बयान नहीं कर पा रहा हूं। आपने अपना पूरा जीवन जनसेवा में खपा दिया, आप एक आदर्श जनप्रतिनिधि के रूप में सदैव याद किए जाएंगे। एक विधायक के रूप में चंपावत क्षेत्र के विकास के प्रति आपका समर्पण हमारे लिए प्रेरणास्रोत है।

राजनीति और जनसेवा के क्षेत्र में आपसे मिला सानिध्य इतना आत्मीय और हृदय के निकट था कि आज विश्वास करना अत्यंत कठिन है कि आप हमारे बीच नहीं हैं। एक अच्छे मित्र और बड़े भाई के रूप में आप सदैव याद आएंगे। चंपावत के विकास को लेकर जो आपके संकल्प थे उन्हें पूर्ण करने की दिशा में हम समर्पित होकर कार्य करेंगे।

ईश्वर से पुण्यात्मा को श्रीचरणों में स्थान एवं शोक संतप्त परिजनों को यह अपार कष्ट सहने की शक्ति प्रदान करने की कामना करता हूं।’

- Advertisement -spot_img

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Advertisement