22.8 C
Dehradun

यूपी नगरीय न‍िकाय चुनाव में सपा कांग्रेस के बाद आज भाजपा महापौर प्रत्याशियों की सूची जारी कर सकती है

Must read

लखनऊ,  नगरीय निकाय चुनाव के पहले चरण में नगर निगमों के महापौर प्रत्याशियों को लेकर भाजपा प्रदेश कार्यालय में शुक्रवार दिन भर हुए मंथन के बाद शाम को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आवास पर भाजपा कोर कमेटी की बैठक हुई। कमेटी द्वारा महापौर प्रत्याशियों के नामों की सूची को अंतिम रूप देने के बाद अब उस पर केंद्रीय नेतृत्व की मंजूरी ली जा रही है। केंद्रीय नेतृत्व की ओर से हरी झंडी दिखाये जाने के बाद महापौर प्रत्याशियों की सूची शनिवार को जारी होने की पूरी उम्मीद जताई जा रही है।

.सत्ताधारी भाजपा में टिकटों के लिए सबसे अधिक मारामारी है। सबसे ज्यादा रस्साकशी सर्वाधिक प्रतिष्ठापरक नगर निगमों के महापौर के टिकट के लिए है। पहले चरण में 10 नगर निगमों का चुनाव होना है। पार्टी नगर निगमों के महापौर व पार्षद तथा नगर पालिका परिषदों के अध्यक्षों के टिकट प्रदेश मुख्यालय स्तर से घोषित करेगी। वहीं नगर पंचायतों के अध्यक्ष व पार्षद तथा नगर पालिका परिषदों के पार्षद के टिकट क्षेत्रीय स्तर से घोषित किये जाएंगे।

भाजपा प्रदेश कार्यालय में टिकटों के दावेदारों की गहमागहमी बनी रही और चर्चाओं का बाजार गर्म रहा। दावेदार और उनके समर्थक अपने मोबाइल फोन पर रह-रहकर यह देखते रहे कि कहीं प्रत्याशियों की सूची जारी तो नहीं हो गई। महापौर और नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष के टिकट के लिए जिला व क्षेत्र स्तर से भेजे गए तीन नामों के पैनल पर प्रदेश स्क्रीनिंग कमेटी ने शुक्रवार को भी मंथन किया।

सूत्रों के अनुसार नगर पालिका परिषदों के अध्यक्षों के नामों पर लगभग सहमति बन चुकी है। कुछ नगर पालिकाओं में पेंच फंसा हुआ है। वहीं महापौर के टिकट के लिए भेजे गए नामों के पैनल पर भी दिन भर हुए विचार विमर्श के बाद शाम को मुख्यमंत्री के आवास पर हुई कोर कमेटी की बैठक में भी इन नामों पर चर्चा हुई। बैठक में मुख्यमंत्री के अलावा उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य व ब्रजेश पाठक, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी व प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह शामिल हुए।

कोर कमेटी ने महापौर प्रत्याशियों के नामों पर चर्चा के बाद इन नामों की सूची को भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व को भेजने का निर्णय किया। संभावना जतायी जा रही है कि केंद्रीय नेतृत्व की मंजूरी के बाद शनिवार को पार्टी की ओर से महापौर प्रत्याशियों की सूची जारी की जा सकती है। नगर निगमों के पार्षद प्रत्याशियों की स्क्रीनिंग का जिम्मा प्रभारी मंत्रियों को सौंपा गया है।

नामांकन जुलूस में शामिल होंगे मंत्री

पहले चरण के लिए नामांकन की अंतिम तारीख 17 अप्रैल है। यदि महापौर प्रत्याशियों की सूची शनिवार को जारी होती है, तो उनके लिए रविवार या सोमवार को नामांकन करने का मौका होगा। महापौर प्रत्याशियों का नामांकन कराने उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य व ब्रजेश पाठक और सरकार के मंत्री भी जाएंगे।

- Advertisement -spot_img

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_img

Latest article