20.6 C
Dehradun
spot_img

सीएम धामी ने अयोध्या धाम के लिए आस्था स्पेशल ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर किया रवाना

Must read

हरिद्वार। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को हरिद्वार रेलवे स्टेशन से अयोध्या धाम के लिए आस्था स्पेशल ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। ट्रेन से 1504 श्रद्धालु अयोध्याधाम पहुंचेंगे। स्पेशल ट्रेन हरिद्वार से सोमवार दोपहर 3.30 बजे रवाना हुई और मंगलवार सुबह पांच बजे अयोध्या पहुंचेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इस ट्रेन के संचालन से हरिद्वार, ऋषिकेश, देहरादून समेत गढ़वाल मंडल के रामभक्तों को सहूलियत मिलेगी। उन्होंने कहा कि राम मंदिर के लिए किए गए संघर्ष का प्रतिफल अब हमें प्रधानमंत्री के नेतृत्व वाली सरकार में मिला है। कहा कि राम मंदिर के लिए चलाए गए आंदोलन में अर्पण भी था और तर्पण भी, संघर्ष भी था और संकल्प भी।

उन्होंने कहा कि जिनके त्याग, बलिदान व संघर्ष से वर्षों पुराना ये सपना साकार हुआ। उनकी तपस्या राम मंदिर में नींव की भांति जुड़ी हुई है। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज हर कोई भगवान श्रीराम के दर्शन को लालायित है। कहा कि जब वह स्टेशन में प्रवेश कर रहे थे तो रामभक्तों के चेहरों पर दिखे भाव को शब्दों में बया करना संभव नहीं है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि श्रीराम का मंदिर हमारी संस्कृति, शाश्वत आस्था, राष्ट्रीय भावना, लोगों की सामूहिक संकल्प शक्ति का भी प्रतीक बनेगा। कहा कि यह मंदिर आने वाली पीढ़ियों को आस्था, श्रद्धा व संकल्प की प्रेरणा देता रहेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि हम उत्तराखंड को भगवान श्रीराम के आशीर्वाद से देश का श्रेष्ठ राज्य बनाने के लिए कृत संकल्पित हैं। इस लक्ष्य की प्राप्ति के लिए अपने विकल्प रहित संकल्प के मंत्र को लेकर निरंतर आगे बढ़ रहे हैं।

इस मौके पर अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष व महानिर्वाणी अखाड़े के सचिव रविंद्र पुरी महाराज, महामंडलेश्वर रूपेंद्र प्रकाश, पदम जी, पूर्व कैबिनेट मंत्री व नगर विधायक मदन कौशिक, पूर्व विधायक संजय गुप्ता, भाजपा जिलाध्यक्ष संदीप गोयल, जिला महामंत्री विकास तिवारी, जिलाधिकारी धीराज सिंह गर्ब्याल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेंद्र डोबाल, एडीएम (प्रशासन) पीएल शाह, डीआरएम राजकुमार सिंह, एसडीएम अजय वीर सिंह, एसपी सिटी स्वतंत्र कुमार सिंह, एसपी रेलवे सरिता डोबाल, श्रीगंगा सभा के अध्यक्ष नितिन गौतम, तीर्थ पुरोहित उज्ज्वल पंडित, जगदीश लाल पाहवा आदि मौजूद रहे।

- Advertisement -spot_img

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Advertisement