25 C
Dehradun

सीएम योगी ने कहा- जिले में चेन स्नेचिंग की घटनाओं को रोकने के लिए पुलिस पेट्रोलिंग बढ़ाएं

Must read

गोरखपुर  मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पुलिस प्रशासन चेन स्नेचिंग की घटनाओं पर पूरी तरह अंकुश लगाने को मुस्तैद रहे। इसके लिए पेट्रोलिंग बढ़ाई जाए। किसी भी कीमत पर इस तरह की घटनाएं नहीं होनी चाहिए। गली-मोहल्ले तक गश्त बढ़ाकर आपराधिक तत्वों पर सख्ती बरती जाए।

महाशिवरात्रि पर करें पुलिस बल की तैनाती

दो दिवसीय गोरखपुर दौरे पर आए मुख्यमंत्री बुधवार की शाम गोरखनाथ मंदिर में अधिकारियों के साथ बैठक कर कानून व्यवस्था एवं विकास कार्यों की समीक्षा कर रहे थे। उन्होंने कहा कि भगवान शिव की उपासना के विशेष पर्व महाशिवरात्रि पर गांव-गांव तक के शिवालयों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ती है। ऐसे में सभी शिवालयों पर लोगों की सुरक्षा के लिए पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की जाए। साथ ही प्रशासन इन सभी जगहों पर साफ सफाई के पुख्ता इंतजाम सुनिश्चित करे।

इन कार्यों को कराने के निर्देश

जनपद में निर्माणाधीन विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि सभी प्रोजेक्ट तय समयावधि में गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूर्ण किए जाएं। किसी भी स्तर पर कोताही नहीं होनी चाहिए। उन्होंने ट्रांसपोर्ट नगर से पैडलेगंज सिक्सलेन फ्लाईओवर, इसमें जुड़ने वाले देवरिया बाईपास फोरलेन फ्लाईओवर, खजांची चौराहा फोरलेन फ्लाईओवर, देवरिया बाईपास फोरलेन चौड़ीकरण, नौकायन से देवरिया बाईपास फोरलेन, भटहट-बांसस्थान फोरलेन के निर्माण कार्य में अब तक की प्रगति की जानकारी ली।

आयुष विश्वविद्यालय व सैनिक स्कूल के काम समय सीमा में कराएं पूरा

मुख्यमंत्री ने अटल आवसीय विद्यालय, सैनिक पेंशन व आयुष विश्वविद्यालय की प्रगति की भी समीक्षा की। कहा कि आयुष विश्वविद्यालय व सैनिक स्कूल के काम समय सीमा में पूर्ण करा लिए जाएं। निर्देशित किया कि अटल आवासीय विद्यालय में नए सत्र से पठन पाठन प्रारंभ होना है, इसके लिए सभी औपचारिकताओं को शीघ्रता से पूरा कर लिया जाए। एडीजी जोन अखिल कुमार, कमिश्नर रवि कुमार एनजी, डीएम कृष्णा करुणेश, आइजी रेंज जे रविन्दर गौड, एसएसपी डा. गौरव ग्रोवर, नगर आयुक्त अविनाश सिंह, जीडीए उपाध्यक्ष महेंद्र सिंह तंवर, एसपी सिटी कृष्ण कुमार विश्नोई आिद रहे।

- Advertisement -spot_img

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_img

Latest article