17.9 C
Dehradun
spot_img

‘खतरों के खिलाड़ी 15’ के विनर बने अविनाश मिश्रा, ट्रॉफी के साथ जीती 20 लाख की रकम और नई कार

Must read

टीवी के चर्चित रियलिटी शो ‘खतरों के खिलाड़ी 15’ का रोमांचक सफर आखिरकार अपने मुकाम पर पहुंच गया है। रविवार को हुए ग्रैंड फिनाले में अभिनेता अविनाश मिश्रा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए शो की ट्रॉफी अपने नाम कर ली। फिनाले में अविनाश का मुकाबला ऋत्विक धनजानी और ओरहान अवत्रामणि यानी ओरी से हुआ। तीनों फाइनलिस्ट ने खतरनाक और चुनौतीपूर्ण स्टंट्स का सामना किया, लेकिन अविनाश ने आखिरी बाजी अपने नाम कर ली।

अविनाश को मिला बड़ा इनाम

रोहित शेट्टी के होस्ट किए गए ‘खतरों के खिलाड़ी 15’ की वापसी दो साल के अंतराल के बाद हुई। इस सीजन की शूटिंग केप टाउन में हुई, जहां प्रतियोगियों को ऊंचाई, पानी के भीतर और कई खतरनाक परिस्थितियों से जुड़े स्टंट्स करने पड़े। पूरे सीजन में लगातार मजबूत प्रदर्शन करने वाले अविनाश ने फिनाले में भी अपनी काबिलियत साबित की।

विजेता बनने पर अविनाश मिश्रा को ट्रॉफी के साथ 20 लाख रुपये की पुरस्कार राशि, यूरोप घूमने का मौका और एक नई कार मिली है।

मिला रोहित शेट्टी का खास ‘फियर जैकेट’

शो के दौरान अविनाश ने कई कठिन स्टंट्स में शानदार प्रदर्शन किया। ‘टीम वीक’ में भी उन्होंने अपनी क्षमता का परिचय दिया। लगातार बेहतरीन परफॉर्मेंस के चलते उन्हें रोहित शेट्टी के सिग्नेचर वाला खास ‘फियर जैकेट’ भी हासिल हुआ।

अविनाश के सफर में सबसे बड़ा मोड़ उस समय आया, जब उन्हें पानी के अंदर एक चुनौतीपूर्ण स्टंट का सामना करना पड़ा। इस दौरान उनकी टक्कर अनुभवी प्रतियोगी करण वाही से हुई। इस चुनौती में जीत दर्ज कर अविनाश ने टॉप-5 में जगह बनाई और सीजन के पहले फाइनलिस्ट बनने में कामयाब रहे। इसके बाद उन्होंने फिनाले तक अपना दबदबा बनाए रखा और अंत में विजेता की ट्रॉफी उठा ली।

जीत के बाद अविनाश ने क्या कहा?

शो जीतने के बाद अविनाश मिश्रा ने अपनी भावनाएं साझा करते हुए कहा कि ‘खतरों के खिलाड़ी’ का सफर उनके लिए केवल खुद को दूसरों के सामने साबित करने का जरिया नहीं था, बल्कि इस दौरान उन्होंने अपनी असली क्षमता को पहचाना।

अविनाश ने कहा कि उन्होंने कई साल टेलीविजन पर काम किया है और दर्शकों ने उन्हें एक खास छवि में देखा है। हालांकि, इस शो ने उन्हें अपनी उस पहचान से आगे बढ़कर खुद को एक अलग अंदाज में साबित करने का मौका दिया।

‘यह सफर असल में दिमाग का खेल था’

अविनाश के मुताबिक, शो में शारीरिक ताकत के साथ मानसिक मजबूती भी बेहद जरूरी थी। उन्होंने बताया कि किसी खतरनाक स्टंट के सामने खड़े होने पर व्यक्ति के पास अपने डर और उस पल में लिए गए फैसले के अलावा कुछ नहीं होता।

उन्होंने कहा कि वह खुद को परखने के इरादे से शो में आए थे, लेकिन अब शो से बाहर निकलते समय उनका आत्मविश्वास पहले से कहीं ज्यादा मजबूत है। उनके लिए यही इस सफर की सबसे बड़ी उपलब्धि है।

कौन रहे दूसरे फाइनलिस्ट?

‘खतरों के खिलाड़ी 15’ के फिनाले में अविनाश मिश्रा के साथ ऋत्विक धनजानी और ओरहान अवत्रामणि यानी ओरी ने जगह बनाई। वहीं करण वाही और फरहाना भट्ट भी इस सीजन के प्रमुख फाइनलिस्ट में शामिल रहे।

- Advertisement -spot_img

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Advertisement