16.1 C
Dehradun
spot_img

भारत और वेस्टइंडीज के बीच पांच मैचों की टी20 सीरीज का आखिरी मुकाबला आज

Must read

नई दिल्ली। भारत और वेस्टइंडीज के बीच पांच मैचों की टी20 सीरीज का रोमांच अब निर्णायक मोड़ पर पहुंच गया है। शनिवार, 17 अक्टूबर को बंगलूरू के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में होने वाले पांचवें मुकाबले में दोनों टीमें सीरीज जीतने के इरादे से उतरेंगी। सीरीज के शुरुआती चार मैचों के बाद दोनों टीमें 2-2 की बराबरी पर हैं। वेस्टइंडीज के आक्रामक खेल ने भारतीय टीम की बल्लेबाजी और गेंदबाजी से जुड़ी कई कमजोरियों को सामने ला दिया है। ऐसे में भारतीय खिलाड़ियों के सामने गलतियों को सुधारकर निर्णायक मैच में बेहतर प्रदर्शन करने की चुनौती होगी।

सलामी जोड़ी का प्रदर्शन बना चिंता

भारतीय टीम के लिए सबसे बड़ी चिंता सलामी बल्लेबाजों के बीच तालमेल की कमी है। संजू सैमसन और अभिषेक शर्मा ने अलग-अलग मौकों पर अच्छी पारियां खेली हैं, लेकिन दोनों की जोड़ी लगातार प्रभाव छोड़ने में सफल नहीं रही। पिछले चार मैचों में उनकी साझेदारियां 29, 42, 7 और 60 रन की रही हैं।

हैदराबाद में 60 रन की साझेदारी के दौरान संजू सैमसन ने अकेले 56 रन बनाए थे, जबकि अभिषेक शर्मा के बल्ले से सिर्फ दो रन निकले। इससे साफ है कि साझेदारी के आंकड़े दोनों बल्लेबाजों के योगदान की पूरी तस्वीर पेश नहीं करते। टीम प्रबंधन के लिए अब जरूरी होगा कि शुरुआती विकेट गिरने से पहले दोनों बल्लेबाज टीम को मजबूत शुरुआत दिलाएं। हालांकि, निर्णायक मुकाबले में सलामी जोड़ी में बदलाव की संभावना कम नजर आ रही है। ऐसे में युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी को एक बार फिर प्लेइंग इलेवन से बाहर रहना पड़ सकता है।

मध्यक्रम को भी दिखाना होगा दम

भारतीय मध्यक्रम का प्रदर्शन भी टीम प्रबंधन की चिंता बढ़ा रहा है। ईशान किशन, कप्तान श्रेयस अय्यर और नमन धीर अच्छी शुरुआत को बड़ी पारियों में बदलने में नाकाम रहे हैं। इसका असर टीम की रन गति और बड़े स्कोर तक पहुंचने की क्षमता पर पड़ा है।

श्रेयस अय्यर ने लखनऊ में पहले टी20 मुकाबले में 102 रन की शानदार पारी खेली थी, लेकिन इसके बाद उनकी बल्लेबाजी में निरंतरता नहीं दिखी। अगली तीन पारियों में उन्होंने 40, एक और 16 रन बनाए। निर्णायक मैच में कप्तान से एक बार फिर बड़ी पारी की उम्मीद होगी।

वहीं, ईशान किशन ने तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करते हुए 43, 37 और छह रन बनाए हैं। नमन धीर भी अब तक चार, 10 और शून्य रन की पारियां ही खेल सके हैं। ऐसे में भारतीय मध्यक्रम को दबाव की परिस्थितियों में जिम्मेदारी उठानी होगी। इस मुकाबले का परिणाम कप्तान श्रेयस अय्यर की रणनीति और टीम के प्रदर्शन के लिहाज से भी अहम रहेगा।

क्या कुलदीप यादव को मिलेगा मौका?

बंगलूरू के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम की सपाट पिच को बल्लेबाजों के अनुकूल माना जाता है। यहां बड़े स्कोर बनने की संभावना रहती है, लेकिन भारतीय टीम अपनी गेंदबाजी को मजबूत करने के लिए कुलदीप यादव को प्लेइंग इलेवन में शामिल करने पर विचार कर सकती है। कुलदीप तीसरे और चौथे मुकाबले में टीम का हिस्सा नहीं थे। उनका अनुभव वेस्टइंडीज के बल्लेबाजों के खिलाफ उपयोगी साबित हो सकता है।

दूसरी ओर, पिछले मुकाबले में कंधे की चोट से परेशान अर्शदीप सिंह की जगह अनुभवी तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार को मौका दिए जाने की संभावना है। प्रिंस यादव, मयंक यादव, नमन धीर और नीतीश कुमार रेड्डी कैरेबियाई बल्लेबाजों को रोकने में अपेक्षित सफलता हासिल नहीं कर सके हैं। ऐसे में भुवनेश्वर की स्विंग और अनुभव भारतीय गेंदबाजी आक्रमण के लिए अहम साबित हो सकता है।

शाई होप और रदरफोर्ड से भारत को खतरा

वेस्टइंडीज की बल्लेबाजी में कप्तान शाई होप और शेरफेन रदरफोर्ड ने शानदार प्रदर्शन किया है। दोनों बल्लेबाज सीरीज में क्रमशः 261 और 221 रन बनाकर सर्वाधिक रन बनाने वालों की सूची में शीर्ष दो स्थानों पर हैं।

भारतीय गेंदबाजों को इन दोनों खिलाड़ियों के खिलाफ विशेष रणनीति बनानी होगी। अगर टीम इंडिया शुरुआती ओवरों में विकेट हासिल करने में सफल रहती है, तो वेस्टइंडीज की रन गति पर अंकुश लगाया जा सकता है। तीसरे टी20 मुकाबले में इंदौर के दौरान भारतीय टीम ने इन बल्लेबाजों को जल्दी आउट करने में सफलता हासिल की थी। निर्णायक मुकाबले में भी टीम को इसी तरह के प्रदर्शन की जरूरत होगी।

भारत और वेस्टइंडीज की संभावित प्लेइंग इलेवन

भारत: अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), ईशान किशन, श्रेयस अय्यर (कप्तान), तिलक वर्मा, नमन धीर/कुलदीप यादव, नीतीश कुमार रेड्डी, अक्षर पटेल, प्रिंस यादव, मयंक यादव और भुवनेश्वर कुमार।

वेस्टइंडीज: शाई होप (कप्तान और विकेटकीपर), ज्वेल एंड्रयू, शिमरॉन हेत्मायर, रोवमैन पॉवेल, शेरफेन रदरफोर्ड, रोमारियो शेफर्ड, रोस्टन चेज, शमार स्प्रिंगर, कीमो पॉल, शमार जोसेफ और गुडाकेश मोती।

भारत-वेस्टइंडीज पांचवें टी20 मैच की लाइव स्ट्रीमिंग से जुड़ी जानकारी

मैच कब खेला जाएगा?

भारत और वेस्टइंडीज के बीच सीरीज का पांचवां टी20 मुकाबला शनिवार, 17 अक्टूबर को खेला जाएगा।

मैच कहां होगा?

यह मुकाबला बंगलूरू के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में आयोजित होगा।

मैच कितने बजे शुरू होगा?

मैच भारतीय समयानुसार शाम सात बजे शुरू होगा। टॉस शाम साढ़े छह बजे होगा।

मैच का सीधा प्रसारण कहां देख सकते हैं?

भारत में इस मुकाबले का टेलीविजन प्रसारण स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क पर किया जाएगा।

- Advertisement -spot_img

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Advertisement