17.9 C
Dehradun
spot_img

मुंबई इंडियंस की कमान अब कीरोन पोलार्ड के हाथ में, मुख्य कोच बनकर संभालेंगे टीम की जिम्मेदारी

Must read

नई दिल्ली। आईपीएल की सबसे चर्चित फ्रेंचाइजी में शामिल मुंबई इंडियंस ने अपने नए मुख्य कोच के रूप में कीरोन पोलार्ड पर भरोसा जताया है। लंबे समय तक टीम के लिए बतौर खिलाड़ी अहम भूमिका निभाने वाले पोलार्ड अब कोचिंग की जिम्मेदारी संभालेंगे। वह महेला जयवर्धने की जगह लेंगे, जिन्होंने हाल ही में मुख्य कोच का पद छोड़ दिया था। मुंबई इंडियंस के साथ पोलार्ड का पुराना रिश्ता रहा है और अब उनकी कोशिश टीम को फिर से खिताबी राह पर ले जाने की होगी।

मुंबई इंडियंस के साथ रहा है शानदार सफर
कीरोन पोलार्ड का आईपीएल करियर मुंबई इंडियंस के साथ ही आगे बढ़ा। साल 2010 से 2022 तक वह इसी फ्रेंचाइजी के लिए खेले। इस दौरान पोलार्ड ने 189 मुकाबलों में 3,412 रन बनाए और गेंदबाजी करते हुए 69 विकेट भी हासिल किए। वह मुंबई इंडियंस की पांचों खिताबी जीत का हिस्सा रहे। टीम ने 2013, 2015, 2017, 2019 और 2020 में आईपीएल ट्रॉफी अपने नाम की थी।

खिलाड़ी के रूप में आईपीएल से संन्यास लेने के बाद पोलार्ड ने 2022 सीजन के बाद मुंबई इंडियंस के बल्लेबाजी कोच की भूमिका संभाली। अब मुख्य कोच के रूप में उनकी पदोन्नति को फ्रेंचाइजी के साथ उनके लंबे जुड़ाव और अनुभव के लिहाज से अहम माना जा रहा है।

मुख्य कोच बनने पर क्या बोले पोलार्ड?
नई जिम्मेदारी मिलने पर पोलार्ड ने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि मुंबई इंडियंस का मुख्य कोच बनना उनके लिए सम्मान की बात है। उन्होंने बताया कि यह टीम उनके जीवन और क्रिकेट करियर का महत्वपूर्ण हिस्सा रही है। खिलाड़ियों, सहयोगी स्टाफ और प्रशंसकों के साथ उनका जुड़ाव बेहद खास है।

पोलार्ड के मुताबिक, खिलाड़ी और कोच दोनों भूमिकाओं में मुंबई इंडियंस के साथ काम करने से उन्हें टीम की परंपराओं और उसकी अपेक्षाओं को समझने का अवसर मिला है। उन्होंने टीम की विरासत को आगे बढ़ाने, खिलाड़ियों की प्रतिभा निखारने और भविष्य में और अधिक सफलताएं हासिल करने के लिए मिलकर काम करने की इच्छा जताई।

हाल के सीजन में मुंबई का प्रदर्शन रहा उतार-चढ़ाव भरा
आईपीएल में पांच बार खिताब जीतने वाली मुंबई इंडियंस का हाल के वर्षों में प्रदर्शन लगातार एक जैसा नहीं रहा है। टीम 2023 और 2025 में प्लेऑफ तक पहुंची, लेकिन 2024 में उसे अंक तालिका में दसवें स्थान से संतोष करना पड़ा। वहीं, 2026 के सीजन में टीम नौवें स्थान पर रही।

ऐसे में पोलार्ड के सामने टीम को दोबारा मजबूत बनाने और खिलाड़ियों से बेहतर प्रदर्शन कराने की चुनौती होगी। फ्रेंचाइजी को उम्मीद होगी कि उनका अनुभव और मुंबई इंडियंस की कार्यशैली से परिचित होना टीम के लिए फायदेमंद साबित होगा।

नीता अंबानी ने पोलार्ड पर जताया भरोसा
मुंबई इंडियंस की सह-मालकिन नीता अंबानी ने पोलार्ड की नियुक्ति पर विश्वास जताते हुए कहा कि वह 22 वर्ष की उम्र में फ्रेंचाइजी से जुड़े थे और पिछले 16 वर्षों में परिवार का अभिन्न हिस्सा बन चुके हैं।

उन्होंने कहा कि पोलार्ड ने खिलाड़ी के रूप में टीम को कई यादगार पल दिए हैं। वहीं, बल्लेबाजी कोच के तौर पर भी उन्होंने अपने अनुभव, जुनून और क्रिकेट की समझ का योगदान दिया है। नीता अंबानी के अनुसार, पोलार्ड अच्छी तरह जानते हैं कि मुंबई इंडियंस की जर्सी पहनने के साथ किस तरह की जिम्मेदारी और प्रतिबद्धता जुड़ी होती है।

उन्होंने उम्मीद जताई कि पोलार्ड नए मुख्य कोच के रूप में भी उसी समर्पण और दृढ़ संकल्प के साथ काम करेंगे और टीम को सफलता के अगले पड़ाव तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाएंगे।

- Advertisement -spot_img

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Advertisement