27.3 C
Dehradun

मस्जिद में मिली थी महिला की लाश; CCTV से संदेह के दायरे में आया युवक

Must read

आगरा। ताज पूर्वी गेट के पास मस्जिद में रविवार को महिला की हत्या के मामले में सीसीटीवी फुटेज के आधार पर खैराती टोला का युवक संदेह के दायरे में है। वह आगरा कालेज का छात्र है। पुलिस युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। इसके साथ ही वह साक्ष्य संकलन में जुट गई है। मस्जिद में सनसनीखेज हत्याकांड का पुलिस जल्दी ही पर्दाफाश कर सकती है।

ताजमहल पूर्वी गेट से दशहरा घाट से नगला पैमा जाने वाले अति सुरक्षित क्षेत्र में आता है। यहां पर पुलिस बैरियर से 100 कदम की दूरी पर लकड़हारा मस्जिद है। मस्जिद में रविवार दोपहर लगभग 38 वर्षीय महिला का खून से लथपथ अर्धनग्न अवस्था में शव मिला था। महिला का पत्थर से चेहरा कुचलकर हत्या की गई थी। प्रथम द़ृष्टया मामला दुष्कर्म के बाद हत्या का लग रहा था।

पर्स से मिले फोटो की मदद से पहचान

महिला के पर्स से मिले युवक आमिर के फोटो की मदद से पुलिस ताजगंज के बिल्लोचपुरा उसके घर तक पहुंची। वहां से महिला का नाम-पता मिलने पर उसके स्वजन से संपर्क किया।

हत्याकांड के पर्दाफाश में लगी पुलिस टीमों ने नगला पैमा स्थित पुलिस बैरियर के आसपास लगे सीसीटीवी खंगाले। फुटेज में महिला साढ़े नौ बजे संदली मस्जिद से निकलती दिखाई दी। फुटेज में दिखाई दिया एक युवक पुलिस के संदेह के दायरे में आया। स्वजन को उक्त फुटेज दिखाया, वह युवक को नहीं पहचानते थे। संदली और लकड़हारा मस्जिद में नमाज पढ़ने आने वालों को भी फुटेज दिखाए। सर्विलांस टीम ने आसपास के लोगों को भी फुटेज दिखाया। जिससे युवक का सुराग मिला।

आगरा कॉलेज का है छात्र

फुटेज में आया संदिग्ध ताजगंज के खैराती टाेला का रहने वाला है। आगरा कॉलेज का छात्र है। पुलिस ने उसे पूछताछ के लिए पकड़ा है। पुलिस द्वारा युवक से पूछताछ की जा रही है। इसके साथ ही वह घटनास्थल समेत अन्य जगहों से साक्ष्य एकत्रित करने का प्रयास कर रही है।

डीसीपी सिटी सूरज कुमार राय ने बताया कि फुटेज के आधार पर युवक को हिरासत में लिया है, पूछताछ की जा रही है। इसके अलावा इलाके में अन्य सीसीटीवी के फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं।

सिर में चोट से हुई मृत्यु, फोरेंसिक लैब भेजेगी स्लाइड

पोस्टमार्टम रिपोर्ट में महिला की मृत्यु का कारण सिर में घातक चोट बताया गया है। वहीं, महिला का अर्धनग्न हालत में मिला था। उससे दुष्कर्म की आशंका जताई गई है। चिकित्सकों ने दुष्कर्म की पुष्टि के लिए महिला की स्लाइड ली है। इसे फोरेंसिक लैब भेजा जाएगा।

मस्जिद में 10 वर्ष से कर रही थी सफाई

महिला के स्वजन ने बताया कि वह संदली मस्जिद की 10 वर्ष से नियमित साफ-सफाई कर रही थी। यह काम वह अपनी श्रद्धा के चलते करती थी। इसके लिए किसी से कोई भुंगतान नहीं लेती थी। मस्जिद में साफ-सफाई को लेकर दाे महीने पहले एक अन्य महिला से विवाद हो गया था। उसे मरने वाली महिला के मस्जिद में आकर सफाई करने पर एतराज था।

अपने कमरे में किसी को नहीं आने देती थी

स्वजन ने बताया कि महिला को मायके में एक कमरा दे रखा था। इसमें वह 10 वर्ष से नियमित चिरागी जलाती थी। जिसके चलते कमरे में जूते-चप्पल पहनकर किसी को नहीं आने देती थी। वह लोगों को ताबीज बनवाकर भी देती थीं। लोग उनसे ताबीज बनवाने के लिए भी संपर्क करते थे।

सीसीटीवी की जद में नहीं आती लकड़हारा मस्जिद

स्वजन ने बताया लकड़हारा मस्जिद में सीसीटीवी नहीं लगा है। हत्यारे को इस बारे में अच्छी तरह से जानता था। यही कारण था कि वह महिला को वहां लेकर गया था। मस्जिद में अंदर आने के दो रास्ते हैं। इसमें एक गेट पीछे अखाड़े की ओर खुलता है। मस्जिद के बराबर में ही सड़क है। मस्जिद में तेज आवाज में बात करो तो वह सड़क तक सुनाई देती है। इससे आशंका है कि हत्यारा महिला का परिचित था। महिला को विश्वास में वहां लेकर आया था।

शादी के दो वर्ष बाद ही हो गया था तलाक

महिला का शादी के दो वर्ष बाद ही तलाक हो गया था। पति कासगंज का रहने वाला है। वह नशे का आदी था, आए दिन मारपीट करता था। बेटी के जन्म लेने के कुछ दिन बाद ही मारपीट करके घर से निकाल दिया था। तभी से वह मायके में रह रही थी। महिला की बेटी 20 वर्ष की है।

- Advertisement -spot_img

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_img

Latest article